trendingNow/india/delhi-ncr-haryana/delhiHaryana01268128
Home >>Delhi-NCR-Haryana

द्रौपदी मुर्मू बनीं राष्ट्रपति, मोदी-नड्डा पहुंचे घर, यशवंत सिन्हा ने कुछ इस अंदाज में दी बधाई

द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बन गई हैं. मुर्मू ने कुल वैध मतों का 50%  का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके बाद पीएम मोदी और जेपी नड्डा उनके घर बधाई देने के लिए पहुंचे. जीत की घोषणा के बाद से ही ट्विटर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया है.

Advertisement
द्रौपदी मुर्मू बनीं राष्ट्रपति, मोदी-नड्डा पहुंचे घर, यशवंत सिन्हा ने कुछ इस अंदाज में दी बधाई
Stop
Zee News Desk|Updated: Jul 21, 2022, 09:03 PM IST

Draupadi Murmu President: एनडीए उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बन गई हैं. द्रौपदी मुर्मू भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति बनेंगी. NDA से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने तीसरे दौर की मतगणना के बाद कुल वैध मतों का 50%  का आंकड़ा पार कर लिया है. इसके बाद देशभर से बधाई देने वालों का तांता लग गया है. मतगणना खत्म होने से पहले ही केंद्र सरकार में राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल ने उन्हें जीत की बधाई दे दी थी. वहीं जेपी नड्डा ने भी कहा था कि उन्हें यकीन है कि उनका कार्यकाल बहुत सफल होगा. इस बीच पीएम मोदी ने भी उनके घर जाकर बधाई दी. इस दौरान पीएम मोदी के साथ भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: 159 करोड़ की मदद से किसानों की किस्मत संवारेगी हरियाणा की मनोहर सरकार

पीएम मोदी ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर ट्वीट कर बधाई दी. उन्होंने लिखा कि, भारत ने इतिहास लिखा है. जब भारत आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. पूर्वी भारत के एक सुदूर हिस्से में पैदा हुई एक आदिवासी समुदाय की बेटी को राष्ट्रपति चुना गया है. द्रौपदी मुर्मू को बधाई. साथ ही उन्होंने उनके घर जाकर भी बधाई दी.

इस दौरान मध्य प्रदेश की सीएम शिवराज सिंह चौहान ने भी ट्वीट कर द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति बनने पर बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है. इस अवसर पर यह देश का सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में NDA ने कर्तव्यनिष्ठ समाजसेवी, समर्पित जनसेवी, अनुसूचित जनजाति वर्ग से आने वाली हमारी बहन द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया. आज वो देश के सबसे बड़े संवैधानिक पद पर निर्वाचित हो गई हैं. यह भारत के लोकतंत्र की खुबी है.

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी ने भी ट्वीट कर बधाई दी कि मैं उनका (द्रौपदी मुर्मू) धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने एक बहुत ही सामान्य स्थिति में आदिवासी बहुल क्षेत्र से अपने जीवन की शुरूआत की. आज उन्हें राष्ट्रपति बनने का गौरव प्राप्त हुआ. मुर्मू जी के राष्ट्रपति बनने से लोकतंत्र में लोगों की आस्था और मजबूत हुई है.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जीत की बधाई देते हुए ट्वीट किया कि राष्ट्रपति चुनाव में प्रभावी जीत दर्ज करने पर द्रौपदी मुर्मू को बधाई. वे गांव, गरीब, वंचितों के साथ-साथ झुग्गी-झोपड़ियों में भी लोक कल्याण के लिए सक्रिय रहीं हैं. आज वे उनके बीच से निकल कर सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचीं. यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत है.

वहीं विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा ने भी ट्वीट कर द्रौपदी मुर्मू को बधाई दी. उन्होंने ट्वीट में लिखा कि मैं राष्ट्रपति चुनाव 2022 में द्रौपदी मुर्मू को उनकी जीत पर बधाई देता हूं. देश को उम्मीद है कि गणतंत्र के 15वें राष्ट्रपति के रूप में वे बिना किसी भय या पक्षपात के संविधान के संरक्षक के रूप में कार्य करेंगी.

WATCH LIVE TV

Read More
{}{}