trendingNow/india/bihar-jharkhand/bihar01837401
Home >>पटना

Chandrayaan 3 Landing: चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग के साक्षी बनेंगे नौनिहाल, कई स्कूलों में लाइव प्रसारण

चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग बुधवार की शाम को होगी. इसको लेकर बिहार में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. सभी लोग इस घड़ी की प्रतीक्षा कर रहे हैं जब भारत एक नया इतिहास बनाएगा. इसका सीधा प्रसारण राजधानी के स्कूली छात्र-छात्राएं देखेंगे.

Advertisement
 (फाइल फोटो)
Stop
Zee Bihar-Jharkhand Web Team|Updated: Aug 23, 2023, 12:14 PM IST

Patna: चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग बुधवार की शाम को होगी. इसको लेकर बिहार में गजब का उत्साह देखा जा रहा है. सभी लोग इस घड़ी की प्रतीक्षा कर रहे हैं जब भारत एक नया इतिहास बनाएगा. इसका सीधा प्रसारण राजधानी के स्कूली छात्र-छात्राएं देखेंगे. इसके लिए पटना के निजी स्कूल के साथ कई सरकारी स्कूलों में इंतजाम किए गए हैं. इसके अलावा कई अन्य स्थानों पर भी सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई है.

गांधी मैदान में बुधवार को बड़े स्क्रीन पर चंद्रयान 3 की लाइव लैंडिंग देखने की व्यवस्था की गई है. इसे लोग खुले मैदान से देख सकेंगे. इसके अलावा शास्त्रीनगर स्थित हाई स्कूल में भी विद्यार्थियों को चंद्रयान 3 की लैंडिंग का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा. 

केंद्रीय विद्यालय बेली रोड में कक्षा वार प्रोजेक्टर और स्मार्ट टीवी पर बच्चों को चंद्रयान-3 मिशन का लाइव दिखाया जाएगा. कई स्कूलों द्वारा छात्र - छात्राओं को इसरो का लिंक भेजा गया है, जिससे वे घरों में बैठकर लैंडिंग देख सकें.

डीएवी बीएसईबी में भी प्रोजेक्टर लगाकर सीनियर कक्षाओं के विद्यार्थियों को इसे दिखाया जाएगा, जिससे स्कूली विद्यार्थी चंद्रयान 3 का मिशन को देख और समझ सकेंगे. इसके अलावा भी कई स्कूलों में ऐसी व्यवस्था की गई है. कई स्कूलों में स्मार्ट टीवी लगाया गया है.

 

आईआईटी और आईआईएम में भी देखी जाएगी लाइव लैंडिंग 

देशभर के सभी उच्च शिक्षण संस्थान चंद्रयान 3 की लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग आयोजित करेंगे. देशभर के सभी आईआईटी और आईआईएम जैसे इंस्टिट्यूशन के छात्र भी चंद्रयान की लाइव लैंडिंग देख सकेंगे. इसके अलावा सभी केंद्रीय व अन्य विश्वविद्यालयों में भी छात्रों को चंद्रयान की लाइव लैंडिंग दिखाने की व्यवस्था की गई है.

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का कहना है कि दुनिया की निगाहें इसपर टिकी हुई हैं. भारत के चंद्रमा मिशन की अंतिम सीमा के विस्मय और उत्साह को जीना और अनुभव करना एक गौरवपूर्ण क्षण है. चंद्रयान-3 की उल्लेखनीय यात्रा पहले ही गौरव का स्थान अर्जित कर चुकी है.

(इनपुट: एजेंसी के साथ)

Read More
{}{}